पटना :राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक और बिहार की राजनीति के प्रमुख नेताओं में से एक लालू प्रसाद यादव आज अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों के साथ उन्होंने सादगीपूर्ण तरीके से केक काटकर जन्मदिन मनाया। उनकी खराब सेहत को देखते हुए इस बार भी किसी बड़े या भव्य आयोजन का कार्यक्रम नहीं रखा गया है।

जन्मदिन के मौके पर पटना स्थित राबड़ी आवास और पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने लालू यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके लंबे एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस बीच, लालू यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री Tej Pratap Yadav ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने पिता को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लालू यादव को अपना मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और परिवार की एकता का प्रतीक बताया।
तेज प्रताप ने लिखा कि उन्होंने अपने पिता के संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण और पिछड़े, दलित एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों से हमेशा प्रेरणा ली है। उन्होंने कहा कि जीवन में मिली हर उपलब्धि का श्रेय वह अपने पिता को देते हैं।
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव का जन्म 11 जून 1948 को बिहार के गोपालगंज में हुआ था। छात्र राजनीति और जेपी आंदोलन से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले लालू यादव वर्ष 1977 में महज 29 वर्ष की आयु में पहली बार लोकसभा सांसद बने थे। वह 1990 से 1997 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे और बाद में 2004 से 2009 तक मनमोहन सिंह सरकार में रेल मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। 1997 में आरजेडी के गठन के बाद से वह लगातार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं।