रांची: झारखंड सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सांसद अभिषेक बनर्जी के घायल होने की खबर पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं।

डॉ. इरफान ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी नेता या जनप्रतिनिधि के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि यदि घटना से जुड़े किसी भी पहलू में लापरवाही या बाधा की आशंका है तो इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह करते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता महसूस हो तो उन्हें बेहतर उपचार के लिए झारखंड भेजा जा सकता है, जहां राज्य सरकार उनकी सुरक्षा, सम्मान और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
डॉ. इरफान ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में सक्षम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से अभिषेक बनर्जी को बेहतर इलाज प्रदान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश को टकराव और नकारात्मक राजनीति की नहीं, बल्कि संवाद, संवेदनशीलता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग भी की।
डॉ. इरफान ने अंत में अभिषेक बनर्जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि मानवता और स्वास्थ्य किसी भी राजनीतिक विचारधारा से ऊपर हैं।