मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में दिये निर्देश
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक विस्तार पर जोर
पटना: सीएम सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कुटीर ज्योति योजना के तहत 10 लाख उपभोक्ताओं के परिसरों में सोलर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक घरों को जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने विभागीय योजनाओं और सौर ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, बीपीएल उपभोक्ताओं के सोलराइजेशन प्लान, पीएम कुसुम योजना और जीविका दीदियों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन योजना की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। अब लक्ष्य लोगों को सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए आत्मनिर्भर बनाना है ताकि पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां सोलर पैनल लगाए गए हैं, वहां नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका समूहों के माध्यम से सोलर संयंत्र लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए।
बैठक की प्रमुख बातें
कुटीर ज्योति योजना के तहत 10 लाख घरों में सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को तेजी से लागू करने का निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका दीदियों को सोलर संयंत्र स्थापना हेतु प्रोत्साहन
सौर ऊर्जा के लाभों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर
कृषि फीडरों के सोलराइजेशन अभियान को तेज करने का निर्देश
स्थापित सोलर पैनलों के नियमित मेंटेनेंस पर विशेष फोकस
पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम कर हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की पहल
बैठक में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव तथा बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।