रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने जिले के एक दर्जन थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों का तबादला करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

जारी आदेश के अनुसार, विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
तबादले के तहत राहे थाना में पदस्थापित शैलेन्द्र टुडू को नारकोपी थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिल्ली थाना में कार्यरत विकास पासवान को मुरी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पुलिस केंद्र में पदस्थापित राहुल को मोरहाबादी ओपी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही मुरी, विधानसभा, तमाड़ समेत कई थाना क्षेत्रों के प्रभारियों में बदलाव किया गया है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस बदलाव से जिले में अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने को कहा गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आगे भी प्रशासनिक बदलाव किए जा सकते हैं।