Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

रांची में जनगणना की तैयारी तेज उपायुक्त ने प्रगणकों को बांटी डिजिटल किट

रांची: जनगणना 2027 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रवेक्षकों (Supervisors) और प्रगणकों (Enumerators) के बीच आधिकारिक किट का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और सटीक तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीति निर्माण और संसाधनों के उचित वितरण का आधार होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम कर रही है और रांची जिला इस राष्ट्रीय अभियान में पूरी प्रतिबद्धता के साथ भाग लेगा।

16 मई से शुरू होगा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन

प्रशासन के अनुसार हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) और मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक चलेगी। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकानों, परिवारों और अन्य आवश्यक विवरणों का डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रह करेंगे।

इस चरण में—
सभी मकानों का चिन्हांकन और सूचीकरण,
परिवारों की प्रारंभिक सूची तैयार करना,
टैबलेट और मोबाइल ऐप के जरिए डेटा संग्रह,
शहरी स्लम, ग्रामीण क्षेत्रों और प्रवासी आबादी वाले इलाकों पर विशेष फोकस किया जाएगा।
प्रगणकों को दिए गए डिजिटल उपकरण और प्रशिक्षण सामग्री

प्रत्येक प्रगणक और प्रवेक्षक को मानक किट उपलब्ध कराई गई है। इसमें प्रशिक्षण सामग्री, आईडी कार्ड, डिजिटल उपकरण, फॉर्मेट, बैग और अन्य जरूरी सामग्री शामिल हैं। साथ ही जनगणना ऐप के उपयोग और डेटा संग्रह से जुड़ी गाइडलाइन भी दी गई है।

उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों को गोपनीयता बनाए रखते हुए सही और प्रमाणिक जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों, बीडीओ, अंचल अधिकारियों और संबंधित कर्मियों से अभियान को मिशन मोड में चलाने की अपील की।

15 मई तक स्वगणना की सुविधा

प्रशासन की ओर से नागरिकों के लिए 15 मई 2026 तक स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। लोग ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in⁠ पर जाकर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है।

गौरतलब है कि जनगणना 2027 भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया द्वारा संचालित की जाएगी। यह देश की 16वीं राष्ट्रीय जनगणना होगी।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top