
रांची में घड़ा फोड़ मार्च, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी…
राजधानी रांची में बिजली और पानी की बदहाल व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। जिला स्कूल मैदान से शहीद चौक होते हुए समाहरणालय तक निकाले गए “घड़ा फोड़ आक्रोश मार्च” में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा , भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहे।
मार्च के दौरान कार्यकर्ता हाथों में भाजपा का झंडा, तख्तियां और मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते नजर
आए।
इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सिर पर घड़ा रखकर विरोध प्रदर्शन किया। समाहरणालय गेट के पास पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से घड़ा फोड़कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भाजपा शासनकाल में बनी पानी टंकियों तक आज भी पाइपलाइन नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना को राज्य सरकार सही तरीके से लागू नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कई जनहित योजनाएं धरातल पर विफल साबित हुई हैं।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि राज्य की जल वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली और पानी की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो पार्टी पूरे राज्य में आंदोलन को और तेज करेगी।
