रांची: विश्व थैलेसीमिया दिवस 08 मई के अवसर पर राजधानी रांची स्थित ऑड्रे हाउस में गुरुवार को झारखंड राज्यस्तरीय थैलेसीमिया कॉन्फ्रेंस-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के मंत्री हफीजुल हसन और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समय पर जांच, नियमित इलाज और रक्तदान के माध्यम से थैलेसीमिया पीड़ितों को बेहतर जीवन दिया जा सकता है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए लहू बोलेगा संस्था की सराहना करते हुए कहा कि थैलेसीमिया को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से रक्तदान और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक होने की अपील की।
वहीं मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि राज्य सरकार थैलेसीमिया पीड़ितों और इस दिशा में कार्य कर रही संस्थाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्यकर्मियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर थैलेसीमिया जागरूकता अभियान को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।