Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

सारंडा में पहाड़ी नदी का कहर तेज बहाव में बहे ग्रामीण दो शव बरामद एक महिला समेत लापता लोगों की तलाश जारी…

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र स्थित बहदा गांव में रविवार शाम पहाड़ी नदी का तेज बहाव ग्रामीणों के लिए आफत बन गया। अंतिम संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों का समूह कुइली पहाड़ी नदी पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक नदी में पानी का बहाव तेज हो गया और कई ग्रामीण उसकी चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद शुरू किए गए तलाशी अभियान में देर रात दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।

नदी किनारे झाड़ियों में मिला पहला शव

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर नदी के आसपास खोजबीन शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद रोया सिद्धू की मां का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला। इसके बाद तलाशी अभियान जारी रखा गया। कुछ देर बाद रोया सिद्धू के पिता बोसेन सिद्धू का शव भी बरामद कर लिया गया।

सुनीता सिद्धू अब भी लापता

हादसे में बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू भी तेज जलधारा में बह गईं। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना मिलने के बाद छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस और ग्रामीण लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। नदी के आसपास संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही है।

अंधेरा, बारिश और तेज बहाव बना चुनौती

रात होने के कारण तलाशी अभियान में अंधेरा बड़ी बाधा बना। इसके साथ ही इलाके में बारिश और कुइली नदी में तेज जलधारा के कारण नदी में उतरकर रेस्क्यू करना बेहद जोखिम भरा रहा। इसके बावजूद पुलिस और ग्रामीणों ने देर रात तक खोजबीन जारी रखी।

अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा

ग्रामीणों के अनुसार, रविवार को सभी लोग गांव में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। वापस लौटते समय उन्हें कुइली नदी पार करनी थी। इसी दौरान पहाड़ी इलाके से अचानक पानी का तेज बहाव नीचे की ओर आया। देखते ही देखते नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज धारा की चपेट में आकर कई ग्रामीण बह गए।

फिलहाल पुलिस और ग्रामीणों की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी है। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव को देखते हुए रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top