सिमडेगा: ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर बुधवार को सिमडेगा शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। अकीदत और उत्साह के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस के नीचे बाजार पहुंचने पर नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा और उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ‘रिंकू’ ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया और ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी।

इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जीवन पूरी मानवता को अमन, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सिमडेगा की पहचान यहां की आपसी एकता और सामाजिक सौहार्द से है। सभी लोगों को मिल-जुलकर इस भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत बनाए रखना चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
जुलूस के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार मौके पर मौजूद रहे। एसडीओ सुमंत तिर्की, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान और सीओ सह बीडीओ इम्तियाज अहमद समेत अन्य अधिकारी जुलूस के साथ चलते रहे और विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
जुलूस के दौरान शहर में शांतिपूर्ण माहौल देखने को मिला। आयोजन में नागेश्वर शाह, अमित लाल, चीकू, राकेश सरगुजा, बजरंग, रचित, स्वस्तिक, अनमोल बाड़ा, रोशन एक्का, अजीत, अजय, सत्यम, सलन, अनिकेत, सुबोध और रितेश समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर निकले जुलूस ने शहर में आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।